कृषक वामन टिकरिहा को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार हेतु चयनित जिले से पहली बार सम्मान के लिए चयनित होने पर किसानों में उत्साह

TEJASWI NATH SONI

November 1, 2025

बलौदाबाजार, 1 नवम्बर 2025/ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर इस वर्ष बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के मेहनती कृषक श्री वामन टिकरिहा का नाम डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। यह जिले के लिए गर्व का क्षण है क्योंकि पहली बार किसी कृषक को यह राज्य स्तरीय सम्मान मिलने जा रहा है।

विकासखंड पलारी के ग्राम मुसुवाडीह निवासी कृषक वामन टिकरिहा द्वारा कुल 18.50 हेक्टेयर में आधुनिक एवं जैविक खेती की जा रही है।
खरीफ में वे सुगंधित धान, देवभोग, जंवाफूल, एचएमटी, चिंटू जैसी उन्नतशील किस्मों की खेती करते हैं, वहीं रबी सीजन में गेहूं, चना, सरसों, अलसी जैसी फसलें लेते हैं।

उद्यानिकी क्षेत्र में उन्होंने अमरूद, नींबू, अदरक, जिमीकंद, आम, बेर, करौंदा जैसे फलों और सब्जियों की व्यावसायिक खेती से अपनी पहचान बनाई है। विशेष रूप से बेर की 8 किस्में और अमरूद की 5 किस्में लगाकर वे विविधता का उदाहरण बने हैं।

साथ ही वे मछली पालन, पशुपालन (5 गाय, 10 बकरी, 10 बत्तख) से अतिरिक्त आय प्राप्त करते हैं। अलसी से लिनेन रेशा निकालकर कपड़ा निर्माण हेतु बेमेतरा जिले में विक्रय कर नवाचार भी कर रहे हैं।

वे जैविक खेती मिशन के तहत “माँ लक्ष्मी जैविक कृषक समूह” के माध्यम से जीवामृत, घनजीवामृत, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, आग्नेयास्त्र जैसे जैविक कीटनाशकों का स्वयं निर्माण करते हैं। इससे लागत घटती है और पर्यावरण संरक्षण भी होता है।

कृषक वामन टिकरिहा को रायपुर में आयोजित फल एवं पुष्प प्रदर्शनी में बेर उत्पादन में प्रथम व द्वितीय तथा मिर्ची उत्पादन में द्वितीय पुरस्कार मिल चुका है। साथ ही वे राष्ट्रीय आम महोत्सव रायपुर में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।

उनके चयन से पूरे जिले के कृषकों में खुशी की लहर है और यह सम्मान जिले के कृषक समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment