बलौदाबाजार, 9 दिसंबर 2025/ किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा लागू की गई नई धान खरीदी नीति—प्रति क्विंटल 3100 रुपये का मूल्य तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक समर्थन मूल्य पर खरीदी—ने पूरे जिले के किसानों में नया जोश और उत्साह भर दिया है। उपार्जन केंद्रों में सुचारू व्यवस्था और बेहतर प्रबंधन के चलते किसान आसानी से अपना धान विक्रय कर पा रहे हैं।
ग्राम अमेरा गांव के किसान श्यामलाल रात्रे ने धान खरीदी व्यवस्था की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उनके पास कुल 1.5 एकड़ कृषि भूमि है और वे 75 कट्टा धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि बढ़े हुए समर्थन मूल्य से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे वे खेती के साथ-साथ परिवार की अन्य आवश्यकताओं को भी सहजता से पूरा कर सकेंगे।
किसान श्यामलाल रात्रे ने कहा कि—
“सरकार का यह निर्णय वास्तव में किसान हित में ऐतिहासिक कदम है। डिजिटल टोकन व्यवस्था, बारदाना की सुगमता और खरीदी केंद्रों में की गई ठोस व्यवस्थाओं ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सरल बना दिया है।”
उन्होंने बताया कि मोबाइल ऐप द्वारा समय पर टोकन मिलना, केंद्रों में छाया, पानी तथा अन्य सुविधाओं की उपलब्धता से किसानों को राहत मिली है और अनावश्यक भीड़ या प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़ता।
जिला प्रशासन लगातार खरीदी व्यवस्था की निगरानी और सुधार पर जोर दे रहा है, ताकि हर पंजीकृत किसान को समय पर, पारदर्शी और सम्मानजनक तरीके से धान विक्रय का अवसर उपलब्ध हो सके।