
रिपोर्टर टेकराम कोसले
Masb news
बलौदाबाज़ार, 30 अक्टूबर 2025।
कलेक्टर दीपक सोनी ने आज जिला पंचायत सभागृह में आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 हेतु धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर समय पर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें।
कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि अवैध धान की आवक रोकना प्राथमिकता है। इसके लिए जिले में 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम और उड़नदस्ता दल का गठन किया जाएगा, जो सतत निगरानी रखेगा। उन्होंने बिचौलियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु ठोस कार्य योजना बनाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में लगभग 9 लाख 15 हजार 400 मीट्रिक टन धान उपार्जन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 129 सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों से धान खरीदी की जाएगी। अब तक जिले में 1 लाख 62 हजार 129 किसानों का पंजीयन हो चुका है।
समीक्षा बैठक से पहले उपार्जन केंद्रों के नोडल अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में अवैध धान एवं रिसाइक्लिंग रोकने, अच्छी किस्म के धान की खरीदी, किस्मवार स्टेकिंग, पीडीएस मिलर, बारदाना की गुणवत्ता, चेक पोस्ट व्यवस्था आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई।
प्रशिक्षण एवं बैठक में खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, अपैक्स बैंक, विपणन संघ सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।