फिल्ड पर योजनाओं का क्रियान्वयन गंभीरता से हो – कलेक्टर पीएम आवास निर्माण में लापरवाही पर तकनीकी सहायक को नोटिस जारी करने के निर्देश पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न
बलौदाबाजार। 6 नवम्बर 2025 जिला पंचायत सभाकक्ष में शनिवार को आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर दीपक सोनी ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य योजनाओं में तेज़ी लाने और फील्ड में गंभीरता से काम करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पीएम आवास निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कसडोल विकासखंड के दो तकनीकी सहायकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करें।
कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वर्ष 2024-25 में 48,114 आवास का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिनमें से 42,650 आवास स्वीकृत हो चुके हैं। उन्होंने सभी स्वीकृत आवासों को मार्च 2025 तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
दूरस्थ वनांचलों में ईंट, रेत, गिट्टी, सीमेंट और शटरिंग प्लेट की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि आवास मित्र प्रभावी काम नहीं कर रहे हैं, तो उनकी जगह रोजगार सहायकों को जिम्मेदारी सौंपी जाए। पहली किश्त प्राप्त हितग्राहियों के आवास एक सप्ताह के भीतर शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए।
मनरेगा व अन्य योजनाओं की समीक्षा
मनरेगा के तहत कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक कार्य सृजन कर रोजगार उपलब्ध कराने को कहा। वहीं अमृत सरोवर का निर्माण तय मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत कार्यालय संचालन के लिए पीडीएस भवन व गोदाम निर्माण के प्रस्ताव भेजने की बात भी कही गई।
एनआरएलएम और स्वच्छ भारत मिशन पर भी जोर
एनआरएलएम के तहत महिला समूहों के आजीविका सृजन के लिए सीमेंट प्लांट परिसर में उत्पादों के विक्रय स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत सामुदायिक शौचालय निर्माण, ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, जनपद सीईओ, पीओ मनरेगा और तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।