अब तक 51 प्रकरणों में 1529 क्विंटल अवैध धान जब्त
बलौदाबाजार, 1 दिसम्बर 2025। कलेक्टर दीपक सोनी ने सोमवार को खाद्य, सहकारिता, कृषि एवं अन्य सम्बंधित विभागों की बैठक लेकर जिले में धान खरीदी की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने धान के रिसायक्लिंग एवं अवैध धान परिवहन पर कठोर निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही राइस मिलों के साथ–साथ पोहा मिलों का भी स्टॉक वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराने कहा।
कलेक्टर श्री सोनी ने निर्देशित किया कि सभी मण्डियों में धान क्रय–विक्रय संबंधी अनुबंध पत्र एवं सौदा पत्रक निर्धारित नियमों के अनुसार संधारित किए जाएं। किसानों से आधार कार्ड की प्रतियां भी अनिवार्य रूप से संकलित की जाएँ।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों से अतिरिक्त रकबा समर्पण अनिवार्य है। धान बेचने आने वाले प्रत्येक किसान से अतिरिक्त रकबा जमा कराने के निर्देश मण्डी सचिवों को दिए गए। अवैध धान परिवहन रोकने के लिए उड़नदस्ता दल एवं सभी चेक पोस्ट को पूरी तत्परता के साथ चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने चेक पोस्टों से प्रतिदिन की कार्रवाई की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को कहा।
खाद्य विभाग एवं मण्डी सचिव से प्राप्त जानकारी के अनुसार,
अब तक 51 मामलों में कुल 1529 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है।
साथ ही 2070 किसानों के लगभग 35 हेक्टेयर अतिरिक्त रकबे का समर्पण भी कराया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार कठोर मॉनिटरिंग की जा रही है।