बलौदाबाजार, 31 अक्टूबर 2025। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा नई दिशा अभियान के तहत ग्राम कंजी में नशे से मुक्ति हेतु जागरूकता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय बलौदाबाजार के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभाव एवं उससे होने वाली सामाजिक और मानसिक परेशानियों के बारे में छात्रों को जानकारी दी गई तथा नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई गई।
जिला प्रशासन की ओर से जिला चिकित्सालय के प्रतिनिधियों द्वारा नशे के दुष्परिणामों की जानकारी और मनोविकास हेतु परामर्श दिया गया। इसके साथ ही हम होंगे कामयाब कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को रोजगार पोर्टल में क्यूआर स्कैन के माध्यम से पंजीयन की जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित छात्राओं और ग्रामीण महिलाओं को महिला उत्पीड़न, लैंगिक अपराधों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के बारे में अवगत कराया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक कर स्वस्थ और जिम्मेदार जीवन की ओर प्रेरित करना था।