अवैध धान पर सख्ती: अंगारखार और हरदीविशाल में 183 बोरी धान व वाहन जब्त

TEKRAM KOSLE

December 9, 2025

रिपोर्टर टेकराम कोसले

Masb news

जांजगीर-चांपा।
जिले में अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बलौदा तहसील के अंगारखार और हरदीविशाल गांव में छापेमारी कर कुल 183 बोरी धान और एक वाहन जब्त किया है। कार्रवाई मंडी अधिनियम के तहत की गई है।

अंगारखार गांव में अवैध भंडारण का खुलासा

संयुक्त जांच दल ने बलौदा क्षेत्र के ग्राम अंगारखार में सुमीरीत लहरे पिता दिनाराम लहरे के परिसर से 113 बोरी धान बरामद किया। जब्त धान की मात्रा 45.20 क्विंटल पाई गई, जिसे अवैध रूप से संग्रहित किया गया था। मौके पर कार्रवाई करते हुए धान को जब्त कर आगे की विधिक प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

हरदीविशाल में अवैध परिवहन करते वाहन पकड़ा गया

इसी क्रम में ग्राम हरदीविशाल में जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 11 AK 9475 को अवैध धान परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन से 70 बोरी धान (28 क्विंटल) बरामद हुआ। वाहन सहित धान को थाना बलौदा के सुपुर्द किया गया है। प्रकरण में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है।

जिले में अब तक 48 स्थानों पर छापेमारी

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक 48 स्थानों पर कार्रवाई की जा चुकी है, जिसमें लगभग 2200 क्विंटल धान जब्त किया गया है। बाहरी क्षेत्रों से अवैध धान के प्रवेश को रोकने के लिए चेक पोस्ट स्थापित कर सतत निगरानी और जांच अभियान जारी है।

कलेक्टर का सख्त संदेश

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण या परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को दें।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment